हरियाणा की सबसे बड़ी डांसिंग स्टार, करोड़ों दिलों की धड़कन और स्टेज की क्वीन सपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह कोई नया गाना, कोई नया डांस वीडियो या कोई स्टेज शो नहीं है। इस बार चर्चा उनकी निजी जिंदगी को लेकर हो रही है, जिस शादी को सालों तक उन्होंने दुनिया की नजरों से छिपाकर रखा, जिस रिश्ते को बचाने की कोशिश दोनों ने लंबे समय तक की, अब वही रिश्ता कोर्ट तक पहुंच चुका है।, दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट ने सपना चौधरी को अंतरिम सुरक्षा देते हुए, उनके पति यशवीर साहू उर्फ वीर साहू को उनसे संपर्क करने और उनके करीब आने से रोक दिया है, इस फैसले के बाद एक बार फिर लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर कौन हैं वीर साहू? कैसे हुई थी उनकी और सपना चौधरी की मुलाकात? क्यों दोनों ने गुपचुप शादी की? और आखिर ऐसा क्या हुआ कि अब मामला घरेलू हिंसा के आरोपों और कोर्ट तक पहुंच गया? द ट्रुथ 24 की इस खास वीडियो में आपको बताएंगे सपना चौधरी और वीर साहू की पूरी कहानी….

कौन हैं वीर साहू?
आज हरियाणा में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जिसने वीर साहू का नाम न सुना हो, वीर साहू सिर्फ एक सिंगर नहीं हैं, बल्कि हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। वे सिंगर हैं, गीतकार हैं, म्यूजिक कंपोजर हैं और स्टेज कलाकार भी हैं, अपने देसी अंदाज, बेबाक बोल और हरियाणवी संस्कृति से जुड़े गानों की वजह से उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई। उनकी लोकप्रियता इतनी ज्यादा है कि कई लोग उन्हें हरियाणा का बाबू मान भी कहते हैं, सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और हरियाणा, राजस्थान, पंजाब से लेकर दिल्ली तक उनके कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटती है, लेकिन वीर साहू की जिंदगी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उनकी मुलाकात सपना चौधरी से हुई।
ऐसे हुई थी पहली मुलाकात
सपना और वीर साहू की पहली मुलाकात साल 2015-16 के दौरान हिसार की लाडवा गोशाला में आयोजित एक कार्यक्रम में हुई थी, हालांकि पहली मुलाकात में सपना को वीर साहू बिल्कुल पसंद नहीं आए थे। उन्हें लगा था कि, वीर साहू बहुत ज्यादा खड़ूस इंसान हैं। वो किसी से ज्यादा बात नहीं करते थे, हमेशा गंभीर रहते थे और अपने काम से काम रखते थे, कुछ समय बाद दोनों की मुलाकात एक अवॉर्ड शो में हुई, वहां भी वीर साहू ने सपना को ज्यादा तवज्जो नहीं दी, लेकिन धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। सपना को महसूस हुआ कि वीर साहू बाहर से जितने सख्त दिखाई देते हैं, अंदर से उतने ही सीधे और सच्चे इंसान हैं, यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई, दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई और फिर दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। देखते ही देखते यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
गुपचुप तरिके से हुई सपना-वीर की शादी
करीब चार-पांच साल तक एक-दूसरे को समझने और साथ रहने के बाद दोनों ने जनवरी 2020 में शादी करने का फैसला किया, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात ये थी कि इस शादी की भनक तक किसी को नहीं लगी। ना मीडिया को, ना फैंस को और ना ही मनोरंजन जगत के लोगों को, दोनों ने पूरी तरह गुपचुप तरीके से शादी की। शादी में केवल परिवार के बेहद करीबी लोग शामिल हुए, बाद में वीर साहू ने खुद बताया था कि शादी को गुप्त रखने की वजह परिवार में हुआ एक दुखद निधन था, परिवार शोक में था, इसलिए किसी तरह का जश्न नहीं मनाया गया और शादी की जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई।
जब खुला शादी का सबसे बड़ा राज
शादी के कई महीने बाद अचानक सपना चौधरी की प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं, सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहना शुरू कर दिया कि सपना बिना शादी के मां बनने वाली हैं, इन चर्चाओं के बीच वीर साहू फेसबुक लाइव आए और उन्होंने पहली बार दुनिया के सामने यह स्वीकार किया कि सपना चौधरी उनकी पत्नी हैं और दोनों जनवरी 2020 में शादी कर चुके हैं, यहीं से शादी का पूरा सच लोगों के सामने आया। कुछ समय बाद सपना ने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम पोरस रखा गया, इसके बाद साल 2024 में सपना दूसरी बार मां बनीं और उन्होंने अपने दूसरे बेटे का नाम शाहवीर रखा, हालांकि दोनों ने अपने बच्चों को सोशल मीडिया और लाइमलाइट से काफी हद तक दूर रखा।
रिश्ते में कब आई दरार?
बाहर से देखने पर सपना और वीर की जिंदगी बिल्कुल सामान्य दिखाई देती थी, दोनों कभी-कभार साथ नजर आते थे और फैंस को लगता था कि सब कुछ ठीक चल रहा है, लेकिन पिछले कुछ समय से रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आने लगीं, कई इंटरव्यू और पॉडकास्ट में सपना चौधरी के बयान चर्चा का विषय बने।
एक पॉडकास्ट में सपना ने कहा था कि, शादी को छह साल हो गए हैं लेकिन उन्होंने कभी सच्चे प्यार जैसा एहसास महसूस नहीं किया, उन्होंने यह भी कहा कि वो सिर्फ रिश्ता निभा रही हैं, इसके अलावा उन्होंने पति के नाम का टैटू हटाने की बात भी कही थी, इन बयानों के बाद लोगों को लगने लगा कि, दोनों के रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं है।
कोर्ट तक कैसे पहुंचा मामला?
अब मामला सिर्फ अफवाहों और चर्चाओं तक सीमित नहीं रहा, सपना चौधरी ने अदालत में दायर याचिका में आरोप लगाया है कि, उनके पति ने कई बार उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई मौकों पर सार्वजनिक जगहों पर भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, सपना का कहना है कि, लगातार हो रही कथित प्रताड़ना की वजह से उन्हें अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल छोड़ना पड़ा, इन्हीं आरोपों के आधार पर उन्होंने घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई और अदालत का दरवाजा खटखटाया, यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि, ये आरोप सपना चौधरी की ओर से लगाए गए हैं और मामले की कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है।
कोर्ट ने क्या कहा?
दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान सपना चौधरी को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है, कोर्ट ने आदेश दिया है कि यशवीर साहू उर्फ वीर साहू फिलहाल सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं करेंगे और उनके करीब भी नहीं जाएंगे, इसके अलावा कोर्ट ने सपना के घर, ऑफिस और उनकी आने वाली फिल्म ‘मोमाकू’ के प्रीमियर स्थल तक जाने पर भी रोक लगा दी है, यह आदेश अगली सुनवाई तक लागू रहेगा।
अब आगे क्या?
फिलहाल मामला अदालत में है और अंतिम फैसला आना बाकी है, वीर साहू की ओर से भी कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखा जा सकता है, लेकिन इतना जरूर है कि जिस प्रेम कहानी की शुरुआत एक साधारण मुलाकात से हुई थी, जो दोस्ती से प्यार और फिर शादी तक पहुंची, आज वही रिश्ता कानूनी लड़ाई के मोड़ पर खड़ा दिखाई दे रहा है, जिस शादी को दोनों ने दुनिया से छिपाकर रखा, जिस रिश्ते को बचाने की कोशिश सालों तक की, आज वही रिश्ता अदालत में खड़ा है। अब हर किसी की नजर अगली सुनवाई पर है, क्या दोनों के रिश्ते में फिर से सब कुछ सामान्य हो पाएगा? क्या यह विवाद और गहराएगा? इन सवालों का जवाब आने वाला वक्त और अदालत की अगली सुनवाई देगी, फिलहाल सपना चौधरी और वीर साहू की यह कहानी सिर्फ एक सेलिब्रिटी कपल की कहानी नहीं रह गई है, बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बन चुकी है।
यह भी पढे़ं- राम मंदिर में चोरी का मामला गरमाया! ट्रस्ट ने CM योगी से की SIT जांच की मांग; अफवाहों के बीच बढ़ा विवाद
