पंजाब पुलिस ने मलेशिया से खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) से जुड़े हुए 2 वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों को मलेशिया से डिपोर्ट किया गया है.

पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता
पंजाब में पुलिस लगातार आतंकी नेटवर्क के खिलाफ अभियान चला रही है. अब पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मलेशिया से खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) से जुड़े हुए 2 वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि मलेशिया से डिपोर्ट होते ही दोनों आरोपियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया.
अंबाला और पटियाला के हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंबाला के रहने वाले गुरविंदर सिंह और पटियाला के रहने वाले मनजीत सिंह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि ये दोनों आरोपी मलेशिया में बैठकर KZF के काम को संभाल रहे थे. दोनों आरोपियों पर आरोप है कि ये पंजाब में रेलवे के बुनियादी ढांचे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को धमाकों से उड़ाने की साजिश रच रहे थे.
आईईडी धमाकों की जांच में सामने आया नाम
आपको बता दें कि पंजाब पुलिस पहले ही 23 जनवरी को फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद और 27 अप्रैल को पटियाला के शंभू इलाके में रेलवे ट्रैक पर हुए आईईडी हमलों के मामले में कार्रवाई कर चुकी है. इस दौरान जाचं करते हुए पुलिस ने इस ग्रुप से जुड़े हुए 4 आरोपियों को दबोचा था. आरोपियों के पास से आरपीजी लॉन्चर, आईईडी, आरडीएक्स (RDX), हैंड ग्रेनेड और आधुनिक पिस्तौल जैसे खतरनाक हथियारों का भंडार बरामद किया गया था.
विदेशी खातों से पहुंचाते थे रकम
उस मामले में जब गहराई से जांच की गई, तो मलेशिया से चल रहे टेरर फंडिंग नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ था और गुरविंदर और मनजीत का नाम सामने आया था. जिसके बाद अब इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक ये दोनों आरोपी विदेशी बैंक खातों का इस्तेमाल करके पंजाब में KZF के मददगारों तक मोटा पैसा पहुंचा रहे थे.
यह भी पढे़ं- एडमिट कार्ड से मिलेगा टिकट! NEET छात्रों के लिए हरियाणा रोडवेज का तोहफा; परीक्षा पर कर सकेंगे मुफ्त यात्रा
