National Film Awards 2026: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में गढ़वाली सिनेमा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को रजत कमल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इतिहास में पहली बार किसी गढ़वाली फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है. 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड में फिल्म ‘ढोली’ को फीचर फिल्म कैटेगरी में बेस्ट गढ़वाली फिल्म चुना गया. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए फिल्म को प्रतिष्ठित ‘रजत कमल पुरस्कार’ (सिल्वर लोटस अवॉर्ड) और दो लाख रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया है.पहली बार गढ़वाली सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की पहचान मिलने से प्रदेश का फिल्म जगत उत्साहित है.
CM पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर दी बधाई
इस गौरवशाली सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर फिल्म की पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “यह पूरे राज्य और उत्तराखंडी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक और गर्व की उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक सफलता के लिए फिल्म के निर्माता (एससी फार्माकेम प्राइवेट लिमिटेड), निर्देशक दिनेश पी. भोंसले, सभी कलाकारों और पूरी टीम को बधाई।”
मुख्यमंत्री धामी ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह प्रतिष्ठित सम्मान उत्तराखंड की समृद्ध लोकभाषा, बेजोड़ लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का वास्तविक सम्मान है। यह शानदार उपलब्धि प्रदेश के फिल्म उद्योग से जुड़े आगामी कलाकारों, निर्देशकों और रचनाकारों के लिए एक बड़ी प्रेरणा साबित होगी और गढ़वाली सिनेमा को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक नई और मजबूत पहचान प्रदान करेगी.
नई फिल्म नीति का दिख रहा सकारात्मक परिणाम
अपनी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता हमारी सरकार द्वारा लागू की गई ‘नई फिल्म नीति’ का एक सीधा और सकारात्मक परिणाम है। इसी नीति की बदौलत आज उत्तराखंडी सिनेमा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत धाक जमा रहा है.
उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी उत्तराखंडी सिनेमा इसी प्रकार नित नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा और राज्य की अनूठी लोक कलाओं, लोक भाषाओं और समृद्ध परंपराओं को देश-दुनिया में फैलाता रहेगा.
