सायन स्थित अणिक बेस्ट बस डिपो में भीषण आग लग गई. इस घटना में करीब 12 नई बसें जल गई. जानकारी के मुताबिक ये बसें नए बेड़े में शामिल होने के लिए पहुंची थीं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
मुंबई के सायन स्थित अणिक बेस्ट बस डिपो में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक डिपो में खड़ी 12 नई CNG मिडी बसें आग की चपेट में आकर जल गईं. आग शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर लगी. मुंबई फायर ब्रिगेड ने इसे लेवल-1 फायर कॉल घोषित किया. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात 8 बजकर 20 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया.
12 नई बसें जलकर खाख
सायन के अणिक बस डिपो में अचानक आग लगने की इस घटना से हड़कंप मच गया. डिपो यार्ड में एक साथ खड़ी 12 नई AC CNG बसें आग की चपेट में आ गईं. BEST के मुताबिक ये बसें निजी ऑपरेटर डागा ग्रुप की थीं और हमारे बेड़े में हाल ही में शामिल की जा रही नई बसों का हिस्सा थीं.
कई फायर वाहन मौके पर पहुंचे
जानकारी के मुताबिक़ आग लगना की सूचना फायर ब्रिगेड को करीब 5 बजकर 44 मिनट पर मिली. सूचना मिलने के 10 मिनट बाद 5:54 बजे लेवल-1 फायर कॉल घोषित किया गया. मौके पर फायर ब्रिगेड की कम से कम 4 फायर इंजन और 5 वॉटर टैंकर समेत अन्य दमकल वाहन पहुंचे. बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि मौके से काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने धमाके जैसी आवाजें सुनाई देने का दावा किया. हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और जांच की जा रही है.
आग पर देर रात पाया काबू
फायर ब्रिगेड विभाग ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि आग को रात करीब 8:20 बजे तक पूरी तरह से बुझा दिया गया. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. फिलहाल आग लगने की वजह की जांच जारी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नई CNG बसों में आग किस वजह से लगी और आग इतनी तेजी से दूसरी बसों तक कैसे पहुंची.
बेड़े में शामिल हो रहीं नई बसें
बेस्ट अधिकारियों के मुताबिक संचालक पिछले कुछ महीनों से पुराने बस बेड़े को नई बसों से बदल रहा है. अब तक बेड़े में करीब 140 से अधिक नयी बसें शामिल की जा चुकी हैं. साथ ही 50 से अधिक और बसें शामिल किए जाने की उम्मीद है. अधिकारियों ने बताया कि आग में जली 10 वाहन नयी बसों की खेप का हिस्सा थीं. फिलहाल आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है.
