मुंबई IIT के पवई परिसर में गुरुवार रात भीषण आग लग गई. इस घटना में पाँच लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में ले जाया गया है. फ़िलहाल सभी की हालत स्थिर बतायी जा रही है. डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे हैं.
महाराष्ट्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मुंबई के पवई परिसर के एक हॉस्टल में गुरुवार को सिलेंडर की पाइप से गैस रिसाव के कारण आग लग गई. इस घटना में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना रात करीब 10:25 बजे हॉस्टल संख्या छह से मिली. घायलों को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल, घाटकोपर ले जाया गया.
अस्पताल में भर्ती हुए घायल
मामले में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से चार लोगों को बाद में चिंचपोकली स्थित महानगरपालिका के कस्तूरबा अस्पताल में भेज दिया गया, जबकि एक व्यक्ति राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती है. घटना में घायल हुए लोगों की पहचान अंश अहिरवार (12), तहजीब आलम (9), ईश्वर सिंह (37), शिवकुमार सिंह (34) और अनिल कुमार यादव (23) के रूप में हुई है. अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मी और बीएमसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे.
घायलों का हो रहा इलाज
जानकारी के मुताबिक़ हादसे के बाद पांचों घायलों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया. राजावाड़ी अस्पताल में पहुँचने के बाद चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं ईश्वर सिंह (37) को राजावाड़ी अस्पताल में ही भर्ती किया गया है. बताया जा रहा है कि फ़िलहाल घायलों की हालत स्थिर है. उनका लगातार इलाज किया जा रहा है.
टाटा कॉलोनी में भी लगी आग
वहीं, इसके अलावा महाराष्ट्र के मुंबई के मुलुंड ईस्ट में मौजूद टाटा कॉलोनी में गुरुवार को लेबर कैंप में भीषण आग लग गई. यह लेबर कैंप धारावी से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए बनाए गए प्रोजेक्ट परिसर में G+1 ढांचे में स्थित है. आग लगते ही कैंप में रह रहे बड़ी संख्या में मजदूर जान बचाकर बाहर भागे. बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान 7 गैस सिलेंडर फट गए.
