बिहार के नवगछिया में प्रेमिका से मिलने गए युवक और उसके 2 दोस्तों को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया. जिसके बाद गुस्साएं परिजनों ने तीनों युवकों के गोली मार दी. इस घटना में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रेम प्रसंग में 2 युवकों की हत्या
बिहार के नवगछिया से एक गंभीर वारदात सामने आई है. यहां होली के दौरान प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में 2 युवकों की हत्या कर दी गई. वहीं घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनीखेज माहौल बन गया है. पूरी घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी जीरोमइल इलाके का बताया जा रहा है. यहां 2 युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.
प्रेमिका से मिलने गया था युवक
जानकारी के मुताबिक खगड़िया जिले के रहने वाले अजेश कुमार नाम के युवक का परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरया गांव की रहने वाली एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिसके बाद होली के दिन अजेश अपने 2 दोस्त गुलशन और नीरज के साथ में बोरबस गांव में गया था. बताया जा रहा है कि तीनों युवक वहां गुलशन के रिश्तेदार के घर पर रुके थे. जिसके बाद अजेश अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया था.
युवती के परिजनों ने कमरे में पकड़ा
बताया जा रहा है कि उस समय पर युवती घर में अकेली मौजूद थी. जिसके चलते अजेश उससे मिलने के लिए कमरे में चला गया और दोनों दोस्त बाहर खड़े होकर नजर रखने लगे. इसके थोड़ी ही देर बाद युवती के परिजनों को इस मामले के बारे में जानकारी मिल गई. जिसके बाद वे घर पहुंच गए, जहां उन्होंने अजेश को युवती के साथ में पकड़ लिया. जिसके बाद परिजनों ने अजेश और उसके दोस्तों को पकड़ लिया.
मारपीट के बाद मारी गोली
युवती के परिजनों ने तीनों को पकड़कर वहां मौजूद केले के बाग में ले जाकर मारपीट की और उसके बाद में गोली चला दी. गोली लगने के बाद गुलशन और नीरज की मौके पर मौत हो गई. अजेश को भी गोली लगी, लेकिन वह गंभीर हालत में वहां से भाग निकला. घटना के बाद आरोपियों ने शवों को सड़क किनारे फेंक दिया. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिनकी पहचान नीतीश कुमार, अखिलेश उर्फ रूबल, संजो देवी, देवो मंडल और विजय मंडल के रूप में की गई है.
यह भी पढ़ें- बिजनौर में दिनहदाड़े हत्याकांड! अस्पताल में मरीज देख रहे डॉक्टर को मारी गोली, CCTV खंगाल रही पुलिस
