छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी, जिसके कुछ दिनों बाद उसे अपने मृत दोस्त का भूत दिखाई देने लगा. युवक ने पुलिस के पास जाकर अपना गुनाह कबूल कर लिया और सरेंडर कर दिया.
हत्या के 7 दिनों बाद दिखी दोस्त की आत्मा
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी, लेकिन हत्या के 7 दिनों बाद कातिल दोस्त को अपने दोस्त की आत्मा दिखाई देने लगी. यह कहानी भले ही आपको फिल्मी लगे, लेकिन यह सच है. दरअसल पूरा मामला अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके का है. जब आरोपी को अपने दोस्त की आत्मा दिखाई दी, तो वह काफी डर गया.
पुलिस के सामने कबूल किया गुनाह
जानकारी के मुताबिक युवक ने पहले अपने दोस्त की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी और अपनी पत्नी के साथ मिलकर उसे घर के अंदर ही दफना दिया. जिसके बाद एक दिन अचानक आरोपी पुलिस के पास पहुंचा और अपने आरोप को पुलिस के सामने कबूल कर लिया. युवक ने दावा किया कि उसे दोस्त की आत्म दिखाई देती है. यह पूरी घटना 24 और 25 मार्च की दरमियानी रात को घटी थी.
शराब पीने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 35 साल के बृजलाल अगरिया के रूप में की गई है. वहीं आरोपी की पहचान 37 साल के मिथलेश कुजुर के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक घटना की रात को बृजलाल शराब पीकर मिथलेश के घर गया था और मिथलेश को शराब पीने के लिए जबाव बनाया. नवरात्रों की वजह से मिथलेश ने शराब पीने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया.
सिर पर डंडा लगने से मौत
दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मिथलेश ने गुस्से में आकर पास रखे डंडे से बृजलाल के सिर पर वार कर दिया. जिसके बाद व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. बृजलाल की मौत के बाद आरोपी काफी डर गया और अपनी पत्नी के साथ मिलकर घर के आंगन में गड्डा करके शव को उसमें छिपा दिया. वारदात के बाद दोनों पति-पत्नी घर से चले गए और रिश्तेदारों के यहां जाकर छिप गए.
मुझे दिखता है दोस्त का भूत
इसी दौरान आरोपी मिथलेश मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा. पुलिस के पास जाकर व्यक्ति ने बताया कि उसे बार-बार अपने दोस्त का भूत दिखाई देता है और वह बार-बार अंतिम संस्कार की बात कहता है. इसी डर के कारण उसने पुलिस के सामने जाकर पूरी जानकारी दे दी. आरोपी के बताने के बाद पुलिस ने मृत का शव मौके से बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- मेडिकल कॉलेज में लापरवाही की हदें पार! पानी की टंकी से मिले 3 बंदरों के शव; रोजमर्रा में होता था पानी का इस्तेमाल
