हरियाणा के नूंह में मौजूद शहीद हसन खान मेवाती गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में पानी की टंकी में 3 बंदरों के शव बरामद हुए हैं. यह घटना परिसर में लापरवाही को उजागर करती है. घटना के बाद परिसर में काफी नाराजगी का माहौल है.
पानी की टंकी में 3 बंदरों के शव
हरियाणा के नूंह से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां मौजूद शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में लापरवाही की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक यहां रेजिडेंशियल डॉक्टर एरिया की एक बिल्डिंग की छत पर मौजूद पानी की टंकी में 3 बंदरों के शव मिले हैं. आपको बता दें कि यह टंकी उन पाइपलाइनों के साथ जुड़ी हुई है, जिनके द्वारा परिसर की 3 बिल्डिंगो को पानी सप्लाई किया जाता है.
रोजमर्रा के कामों में होता था पानी का इस्तेमाल
नूंह के मेडिकल कॉलेज में इस घटना ने स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर कई बड़े सवाल खड़े किए हैं. आपको बता दें कि इस टंकी के पानी का इस्तेमाल डॉक्टर और उनके परिवार के लोग रोजमर्रा के कामों के लिए करते थे. अब यह भी आशंका जताई जा रही है कि टंकी के अंदर बंदरों के शव काफी लंबे समय से मौजूद थे, जिसके कारण टंकी का पानी दूषित हो गया होगा.
पानी का सप्लाई की गई बंद
कॉलेज परिसर में इस तरह की घटना काफी लापरवाही और सवाल उठाने वाली हो जाती है. घटना की जानकारी मिलते ही परिसर में हड़कंप मच गया. पानी की टंकी में 3 बंदरों के शव मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों और प्रशासन को तुरंत ही जानकारी दी गई. घटना के बाद टंकी से पानी की सप्लाई को तुरंत ही बंद कर दिया गया और टंकी की सफाई का काम शुरू कराया गया.
स्थानीय लोगों और डॉक्टरों में नाराजगी
इस घटना पर स्थानीय लोगों और डॉक्टरों ने नाराजगी जताई है. लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज जैसे संवेदनशील संस्थान में इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक और लापरवाही वाली हैं. उन्होंने मांग की है कि परिसर में पूरे पानी सप्लाई सिस्टम की जांच की जाए और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. इस घटना के बाद लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है.
यह भी पढ़ें- अवैध हथियारों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब! पटियाला से 4 आरोपी गिरफ्तार; 10 एडवांस्ड हथियार बरामद
