दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने को लेकर हुए विवाद के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई. कुछ लोगों ने मिलकर एक यात्री को बुरी तरह से पीटा, जिससे उसकी जान चली गई. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

रेलवे स्टेशन पर यात्री की मौत
राजधानी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां ट्रेन पकड़ने के दौरान विवाद हो गया और इस दौरान एक यात्री की मौत हो गई. बताया जा है कि प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में चढ़ने की कोशिश कर रहे एक शख्स के साथ कुछ सह-यात्रियों ने बुरी तरह से मारपीट की. इस घटना वीडियो भी सामने आया है.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के वीडियो में मौके पर मौजूद RPF कर्मी बीच-बचाव करने के बाद पीड़ित व्यक्ति को फर्श पर लिटाते हुए नजर आ रहे हैं. हालांकि बाद में व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह पूरी घटना सुबह 6 बजे की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस जब प्लेटफॉर्म पर आई तो यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी.
वीडियो हो रहा वायरल
यात्रियों की धक्का-मुक्की के बीच बागपत के रहने वाले पंकज धामा का कुछ लोगों से विवाद हो गया. जिसके बाद यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. कुछ लोगों ने पंकज को जमीन पर गिराकर लात और घूसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. अब इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि मौके पर मौजूद एक RPF कांस्टेबल ने बीच-बचाव करते हुए पंकज को भीड़ से छुड़ाया, लेकिन उसे फर्श पर वैसे ही छोड़ दिया.
सुरक्षाकर्मियों ने गंभीर हालत में छोड़ा
फर्श पर गिरने के बाद व्यक्ति के शरीर में कुछ हलचल हुई, लेकिन सुरक्षाकर्मी उसी हालत में छोड़कर आगे बढ़ गए. इसी अनदेखी के कारण व्यक्ति की मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही ओल्ड दिल्ली रेलवे पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंच गई. फिलहाल शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक सामने आया है कि मारपीट के दौरान व्यक्ति के शरीर में अंदरूनी चोटें लग गईं, जो उसकी मौत की वजह बन गईं.
यह भी पढ़ें- ‘टाइगर अकेले शिकार करता है…’, एकनाथ शिंदे विरोधियों को बड़ा संदेश; बोले- पिक्चर अभी बाकी है
