हरियाणा के गोहाना में एक पिता ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी. घटना के दौरान युवती के भाई ने उसके पैर पकड़े और पिता ने चाकू से गला रेत दिया. पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

परिवार ने कर दी युवती की हत्या
हरियाणा के गोहाना से हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नर्सिंग छात्रा की हत्या उसके ही परिवार ने कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना के बाद लोगों के बीच डर और गुस्सा भर गया है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
दूसरी जाति के लड़के से प्यार
मृत छात्रा की पहचान 23 साल की चीनू के रूप में की गई है. छात्रा अपनी पढ़ाई और करियर को लेकर काफी गंभीर थी. छात्रा किसी दूसरी जाति के लड़के के साथ प्रेम संबंध में थी और उससे शादी करना चाहती थी. हालांकि परिवार के लोग उसकी शादी अपनी ही जाति में करवाना चाहते थे. इसी कारण परिवार में विवाद चल रहा था. इन्हीं कारणों के चलते छात्रा की हत्या कर दी गई.
पुलिस से मांगी थी मदद
जानकारी के मुताबिक घटना के दौरान छात्रा ने पुलिस डायल 112 पर फोन करके मदद भी मांगी थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसके पिता ने पुलिस के सामने भी बेटी पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि इस दौरान युवती के भाई ने उसके पैर पकड़े और पिता ने चाकू से अपनी बेटी का गला रेत दिया. इस वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में इसकी चर्चा हो रही है.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 3 आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या में पिता के साथ मां और उसके भाई की भूमिका भी है. पुलिस ने इसी के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया है, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. पुलिस इस मामले में आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे के सभी कारणों को गहराई से जांच रही है.
यह भी पढ़ें- बिहार: CM की कुर्सी पर किसका कब्जा? कल सामने आएगा अगले मुख्यमंत्री का चेहरा
