ईरान ने इजरायल के ऊपर अभी तक 500 से ज्यादा मिसाइलों को दागा है. इस हमले में इजरायल के कई शहरों को भारी नुकसान हुआ है. IRGC के मुताबिक 24 मार्च की रात को ही 220 मिसाइलों को एक साथ दागा गया है.
ईरान का इजरायल पर भारी हमला
मिडिल ईस्ट की जंग को आज 26 दिन हो चुके हैं, लेकिन हालात सही होने का नाम नहीं ले रहे हैं. ईरान ने इजरायल के ऊपर सबसे बड़ा हमला किया है. ईरान अभी तक इजरायल के ऊपर 500 से ज्यादा मिसाइलें दाग चुका है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक 24 मार्च की रात को ही 220 मिसाइलों को एक साथ दागा गया है.
हर घंटे में 10 मिसाइलें
ईरान द्वारा किए जाने वाला हमला अभी तक का सबसे बड़ा एकल मिसाइल बारेज माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक ईरान ने इजरायल के ऊपर हर घंटे औसतन 10 मिसाइलें दागी हैं. ईरान ने इस हमले में इजरायल के कई शहरों को एक साथ निशाना बनाया है. ईरान द्वारा किए गए इन हमलों में मुख्य केंद्र तेल अवीव था. ईरान ने यह हमला उस दौरान किया है, जब दावा किया जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की बात हो रही है.
इजरायल ने की जवाबी कार्रवाई
इन हमलों के बाद इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए रूस-ईरान सप्लाई मार्ग को बंद कर दिया है. ईरान के हमलों में तेल अवीव, हाइफा, बनी ब्राक और सेंट्रल इजरायल जैसे शहरों को निशाना बनाया गया. इस हमले में कई इमारतों के ढहने की जानकार भी सामने आई है. तेल अवीव में सड़क पर एक मिसाइल गिरी, जिससे आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए और आग लग गई. इन हमलों में लोग घायल भी हुए हैं.
70% मिसाइलें हवा में नष्ट
ईरान द्वारा किए गए हमलों में घायल लोगों की संख्या अलग-अलग रिपोर्ट्स में 15 से 200 तक बताई जा रही है. इजरायल डिफेंस फोर्सेज के मुताबिक एयर डिफेंस सिस्टम ने लगभग 70% मिसाइलों को हवा में ही खत्म कर दिया. इजरायल के आयरन डोम, एरो सिस्टम और डेविड्स स्लिंग जैसे एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की 70% मिसाइलों को हवा में ही खत्म कर दिया है.
मिसाइलों में लगे क्लस्टर वॉरहेड
इस हमले में लगभग 30% मिसाइलें अपने टारगेट तक पहुंची हैं. जिसके चलते इजरायल में काफी नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि कई मिसाइलों में क्लस्टर वॉरहेड लगे हुए थे, जो हवा में ही फटकर छोटे-छोटे बमों में बंट जाते हैं. इन्हीं के चलते शहरों में ज्यादा तबाही हुई है. ईरान का दावा है कि उसने फतह-2, सेज्जिल, इमाद और खोर्रमशहर-4 जैसी नई पीढ़ी की मिसाइलों का इस्तेमाल किया है.
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सियासी कदम? सीएम ममता बनर्जी ने दिया 23 पदों से इस्तीफा; विभागों को जारी किए गए निर्देश
