मधेपुरा जिले में मुखिया प्रतिनिधि की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन भवन का जायजा लेकर लौटते समय अपराधियों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस दौरान उन्हें 5-6 गोलियां लगीं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
बिहार में मधेपुरा जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि ताबड़तोड़ फायरिंग में विक्की मेहता के शरीर में 5-6 गोलियां लग गयीं. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मधेपुरा मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई.
अचानक हुई गोलिबारी
जानकारी के मुताबिक विक्की मेहता नयाटोला चौक के पास बिहार सरकार भवन के निर्माणाधीन भवन का जायजा लेने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य देखने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गोली लगने के बाद विक्की मेहता गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत ही पुरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जिसके बाद उन्हें वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
मौके पर पहुंची पुलिस
रेफर होने के बाद अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में विक्की मेहता ने दम तोड़ दिया. मधेपुरा मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. भास्कर के मुताबिक विक्की को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित किया जा चुका था. चिकित्सकीय जांच में उनके शरीर पर 5-6 गोली लगने के निशान पाए गए हैं. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश की. पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है.
इलाके में तनाव का माहौल
शुरूआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और उन्होंने वारदात को अंजाम क्यों दिया, इन सवालों के जवाब जांच आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट होंगे. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. परिजनों और समर्थकों में भी आक्रोश और शोक की स्थिति है. पुलिस अब हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में है.
