मध्य प्रदेश के सतना जिले में वर्तमान विधायक नागेंद्र सिंह की बहू को गोली मारने की घटना सामने आई है. पुलिस ने घटना की आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है.

वर्तमान विधायक की बहू को मारी गोली
मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. सतना जिले में स्थित नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे की पत्नी को गोली मारी गई है. जानकारी के मुताबिक नागेंद्र सिंह की बहू के पेट में गोली लगी है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. लोग चर्चाएं कर रहे हैं कि वर्तमान विधायक की बहू को गोली मारने की घटना आम नहीं है.
महिला के पेट में लगी गोली
वर्तमान विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह के पेट में गोली मारने की घटना सामने आई है. गोली लगने के बाद तुरंत ही महिला को गंभीर हालत में सतना अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि रीवा के विंध्य अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला के पेट में फंसी हुई गोली को बाहर निकाल दिया है.
पुलिस ने गिरफ्तार की आरोपी
महिला के ऑपरेशन के बाद भी उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. इस मामले में गढ़ी में मौजूद सुनीता सिंह के ऊपर गोली चलाने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि बाबा राजा के साथ सुनीता के नजदीकी संबंध थे. इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस बल तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए परसमनिया गढ़ी और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. इस गोलीकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. मामले में बातचीत करते हुए नागौद के एसडीओपी रघु केशरी ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है और हर पहलू से जांच करके कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- जोरहाट एयरबेस पर AN-32 विमान क्रैश! हादसे में शहीद हुए वायुसेना के 5 जवान; को-पायलट का इलाज जारी
