Prayagraj Magh Mela 2026: माघ मेले में शुक्रवार को बसंत पंचमी पर रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई. चौथे मुख्य स्नान पर्व पर लोगों का रेला उमड़ा था. संगम सहित गंगा और यमुना के विभिन्न घाटों पर शहरियों के अलावा संतों और महात्माओं सहित देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई.
महाकुंभ में कितने श्रद्धालुओं ने किया था स्नान?
आंकड़ों की मानें तो महाकुंभ 2025 में बसंत पंचमी महापर्व पर 2.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान किया था. इस बार 23 जनवरी शुक्रवार को माघ मेले में बसंत पंचमी का स्नान पर्व था. जिसके चलते ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम की रेती पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा, जो देर शाम तक देखने को मिला. इस दौरान महाकुंभ 2025 का रिकॉर्ड भी टूट गया.
अब तक कितने श्रद्धालुओं ने किया स्नान?
माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के मुताबिक माघ मेला 2026 में अब तक 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं. संगम के घाटों पर उमड़ी आस्था की इस लहर से सरकार एवं प्रशासन की अभूतपूर्व व्यवस्था का पता चलता है. माघ मेला के इस पर्व पर कल्पवासियों समेत मेला क्षेत्र में साधना रत सभी प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने आस्था की डुबकी लगाई.
बसंत पंचमी पर साधु-संतों ने किया पवित्र स्नान
माघ मेला अधिकारी का कहना है कि सभी दंडी स्वामी संतो, रामानंदी और रामानुजाचारी संतों ने भी बसंत पंचमी में गंगा और त्रिवेणी में पवित्र स्नान किया. पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती अपने शिष्यों के साथ त्रिवेणी तट पर पहुंचे थे. फिर वह पैदल चलकर संगम नोज पहुंचे, जहां शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने पूरी सादगी और आस्था के साथ पवित्र स्नान किया.
आस्था की डुबकी लगाने सनातनी किन्नर अखाड़ा भी पहुंचा. शिविर से स्नान के लिए निकले अखाड़े के सदस्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहे.
माघ मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इतना ही नहीं किन्नर अखाड़े के सदस्य भी पूरे उत्साह और भक्ति के साथ संगम तट पर पहुंचे. इसके बाद बसंत पंचमी का पुण्य स्नान किया. इस महापर्व पर देशभर के अलग-अलग जगहों से आए भक्तों ने भी आस्था की डुबकी लगाई. इस मौके पर ठंड पर आस्था भारी पड़ती नजर आई. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे.
ये भी पढ़ें: Greater Noida Student Suicide: शराब पीकर हॉस्टल आया था, पिता के डांटने पर चौथी मंजिल से कूदा BTech का छात्र, मचा बवाल
