उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने 20 साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पुलिस से बचने के लिए संभल में मुस्लिम बनकर रहने लगा था. उसने सुलतान नाम से नकली डॉक्यूमेंट्स भी तैयार करवा लिए थे.
20 साल पुराना आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है. मुरादाबाद के पाकबाड़ा थाना में पुलिस ने कई सालों से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए अपराधी की पहचान 56 साल के नरेश के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर नरेश लगभग 20-21 सालों से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था और छिपता घूम रहा था.
मुस्लिम बनकर रहता था आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी असली पहचान को छिपाकर संभल में सुल्तान नाम रखकर रह रहा था. आरोपी ने अपने नाम के लिए फर्जी डॉक्यूमेंट्स भी बनवा लिए थे. पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपने रंग-रूप को भी बदल लिया था. वह संभल में पूरी तरह मुस्लिम बनकर रहता था. उसने अपनी दाढ़ी को लंबा कर लिया था और कुर्ता-पैजामा पहनकर सिर पर टोपी भी पहनता था.
चेकिंग अभियान में गिरफ्तार हुआ आरोपी
पुलिस ने बताया कि पाकबड़ा का रहने वाला नरेश लंबे समय से फरार चल रहा था. जिसके बाद अब इसकी गिरफ्तारी हुई है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर अभियान चलाया जा रहा था जिसके तहत टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान डींगरपुर रोड पर आरोपी नरेश को भी गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से कई नकली डॉक्यूमेंट्स बरामद हुए हैं.
कई नकली डॉक्यूमेंट्स बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से 2 आधार कार्ड, 3 वोटर आईडी, 1 पैन कार्ड, 1 ई-श्रम कार्ड, 1 स्मार्ट कार्ड, 1 लेटरहेड और उर्दु में लिखी हुई एक हैंडबुक जैसी चीजें बरामद हुई हैं. ये सभी डॉक्यूमेंट्स सुल्तान के नाम से बने हुए थे. पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह लगभग 20 साल पहले पुलिस से बचने के लिए फरार हो गया था और तभी से संभल में आकर नई पहचान बनाकर रहने लगा था.
कई मामले हैं पहले से दर्ज
बता दें कि आरोपी के ऊपर लूट और डकैती जैसे कई मामले दर्ज हैं. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ पाकबड़ा थाने में 318(4)/338/336(3)/340(2) जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास को छिपाने में शामिल नकली डॉक्यूमेंट्स तैयार करने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- 2007 में रिश्वत, 2026 में सजा! CBI अदालत ने रिटायर्ड अधिकारी को 19 साल पुराने मामले में भेजा जेल
