बिहार के पटना में एक युवक ने नौकरी के नाम पर दर्जनों लोगों से 35 से 40 लाख रुपए की ठगी की. जिसके बाद कुछ लोगों ने युवक के पिता का अपहरण कर लिया. हालांकि पुलिस के डर से आरोपियों ने उन्हें छोड़ दिया.
बेटे का किया बाप ने भुगता
बिहार के पटना में बेटे के कारनामे की सजा उसके पिता को मिली है. पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र में एक युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की और उसका खामियाजा उसके पिता को भुगतना पड़ा. ठगी के बाद गुस्साएं लोगों ने युवक के पिता का अपहरण कर लिया. अपहरण किए गए व्यक्ति की पहचान 55 साल के रवींद्र प्रसाद के रूप में की गई है.
नौकरी के नाम पर युवक ने की ठगी
जानकारी के मुताबिक रवींद्र प्रसाद पोस्ट ऑफिस में ब्रांच पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत हैं. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि रवींद्र प्रसाद एरई बेनीपुर गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने बताया कि ऐसा आरोप है कि उनका बेटा अनु सोनी कुमार साल 2019 से 2024 के बीच में दर्जनों लोगों को सिविल कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बना चुका है.
दर्जनों लोगों से ठगे 35-40 लाख
पुलिस ने बताया कि युवक ने नौकरी के नाम पर दर्जनों लोगों से 35 से 40 लाख रुपए की ठगी की है. कई लोगों ने कोर्ट में नौकरी की उम्मीद में बड़ी रकम भी दी थी. जब समय बीतने पर नौकरी नहीं मिली तो लोगों ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, लेकिन युवक ने पैसे वापस नहीं किए. जिसके बाद मंगलवार को युवक के पिता डाक बांटकर अपने घर वापस लौट रहे थ, इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया.
व्यक्ति को खेत पर छोड़ गए अपहरणकर्ता
आरोपियों ने अपहरण के बाद कई बार अपने ठिकाने बदले. अपरहण की जानकारी मिलने के बाद व्यक्ति की बहू ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी के नंबर को ट्रैक करके दबिश देना शुरू किया. हालांकि आरोपी पूरी रात अपना ठिकाना बदलते रहे. जिसके बाद बुधवार को पुलिस ने कड़ी घेराबंदी कर दी, तो आरोपी रवींद्र को खेत में छोड़कर फरार हे गए.
यह भी पढ़ें- ‘सर मुझे दोस्त का भूत दिखता है’, युवक ने हत्या के बाद खुद किया सरेंडर; डंडे से किया था दोस्त का मर्डर
