Census in UP: यूपी में जनगणना-2027 के डिजिटल अभियान की शुरुआत शानदार रही है. पहले ही दिन प्रदेश भर के लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है. यूपी में स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत पहले ही दिन प्रदेश भर में 98,832 लोगों ने ऑनलाइन फॉर्म भरा. स्व-गणना (Self-Enumeration)में सोनभद्र जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा. सबसे ज्यादा फॉर्म सोनभद्र से भरे गए. औरैया दूसरे स्थान पर रहा, जबकि राजधानी लखनऊ के लोग तीसरे स्थान पर रहे.
टॉप पर सोनभद्र
सोनभद्र जिले ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है. सोनभद्र में 17,961 लोगों ने प्रक्रिया शुरू की. यहां पहले दिन शाम 7 बजे तक 19,984 लोगों ने स्व-गणना पूरी की. दूसरे स्थान पर: औरैया (4,495 लोग), तीसरे स्थान पर: लखनऊ (3,865 लोग), चौथे स्थान पर: मैनपुरी (3,729 लोग). लखीमपुर खीरी, आजमगढ़ और बरेली में भी हजारों लोगों ने पंजीकरण कराया. कानपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद और वाराणसी में भी अच्छा रिस्पॉन्स दिखा. संत कबीरनगर में सबसे कम 161 लोगों ने स्व-गणना फॉर्म भरा. राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जनगणना अधिकारियों को सही और तथ्यात्मक जानकारी दें, ताकि सरकार जनहित में बेहतर योजनाएं बना सके.
महत्वपूर्ण तारीखें
स्व-गणना की यह प्रक्रिया 7 मई से 21 मई 2026 तक चलेगी. इसके बाद 22 मई से मकान सूचीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा.
प्रदेश की अनुमानित आबादी करीब 25 करोड़ 70 लाख है. जनगणना का कार्य प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जिलों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 745 अन्य नगरीय निकायों, 21 छावनी परिषदों, 57,694 ग्राम पंचायतों और करीब 1.04 लाख राजस्व गांवों में किया जाएगा. इस बड़े अभियान के लिए लगभग 5.47 लाख कार्मिक लगाए गए हैं. 22 मई से गणनाकर्मी घर- घर जाकर जनगणना को पूरा करेंगे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन! ISI के निशाने पर था राजधानी का ऐतिहासिक मंदिर; हरियाणा पर हमले से पहले आतंकी गिरफ्तार
