Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने नाबालिग बच्ची के हत्याकांड का दो घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. आरोपी दीपक कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है.

Sonbhadra: यूपी के सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र के झरइ टोला में 12 वर्षीय बालिका हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है. खेत में शव मिलने के बाद इलाके में फैले तनाव के बीच एसओजी, सर्विलांस और स्पेशल टीमों को एक्टिव किया गया और आरोपी तक पहुंच बनाई गई. चौंकाने वाली बात ये रही कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि बच्ची का दूर का मामा ही निकला. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया गया.
दो घंटे के भीतर पुलिस का एक्शन
म्योरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झरइ टोला में 12 वर्षीय बालिका का शव मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. एसओजी, सर्विलांस और दो स्पेशल टीमों का गठन किया गया. महज दो घंटे के भीतर ही जांच में दीपक कुमार पुत्र नंदलाल का नाम सामने आया, जो मृतका का दूर का मामा है और पड़ोस में ही रहता है. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर असलहे से फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मुताबिक, अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. इलाके में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.
जानें कब हुई थी घटना?
सोमवार को म्योरपुर थाना क्षेत्र में लगभग 12 साल की एक बालिका का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ. परिवार के लोगों के मुताबिक किशोरी अपनी नानी के घर ही रहती थी. रविवार शाम घर से लगभग 400 मीटर दूर स्थित एक दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटी. परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार सुबह उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर खेत के मेढ़ पर पड़ा मिला. बच्ची की मां ने म्योरपुर थाने में तहरीर देकर दुष्कर्म के बाद बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया.
यह भी पढ़ें- UP Weather Alert: यूपी में गर्मी के बीच आंधी-बारिश की चेतावनी, इन जिलों में आज जमकर बरसेंगे बादल; IMD का अलर्ट
