पुलिस ने चित्रकूट से हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी आगरा में अपनी सगी बहन की हत्या करने के बाद में चित्रकूट में बाबा के रूप में छिप गया था.
हत्या का आरोपी चित्रकूट से गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस ने आगरा के एक आरोपी को चित्रकूट से गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक ने आगरा में मां के गहनों के लालच में अपनी सगी बहन की हत्या कर दी थी. जिसके बाद में वह चित्रकूट जाकर एक मंदिर के बाहर बाबा के रूप में छिप गया था. जानकारी के मुताबिक आरोपी राजस्थान में रहने वाले एक तथाकथित गुरु के संपर्क में भी बताया जा रहा है.
साथी संग मिलकर की सगी बहन की हत्या
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी रवि कुशवाह ने अपने एस साथी अभय उर्फ काके के साथ में मिलकर अपनी ही सगी बहन अनीता कुशवाहा की हत्या कर दी थी. यह पूरा मामला शाहगंज थाना क्षेत्र में मौजूद नगला पोप गांव का है. यहां घर के अंदर 4 फरवरी को अनीता कुशवाहा के उसके ही भाई ने गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी.
बहन के ऊपर बना रहा था दबाव
इस मामले की जांच करते हुए सामने आया कि साल 2022 में आरोपी रवि ने डौकी में मौजूद उसकी ससुराल में बम फेंका था. जिसके बाद उसे पुलिस ने हत्या की कोशिश और विस्फोटक अधिनियम के तहत जेल भेजा था. जिसके बाद आरोपी की बहन अनीता ने पैसे का इंतजाम करके उसकी जमानत कराई थी. आरोप है कि जेल से निकलने के बाद में रवि लगातार बहन के ऊपर मां के गहनों और पैसों को लेकर दबाव बना रहा था.
स्थानीय इनपुट के आधार पर हुई गिरफ्तारी
हत्या की घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन आरोपी के पास मोबाइल फोन न होने के कारण उसकी लोकेशन नहीं ट्रेस हो पा रही थी. जिसके बाद तकनीकी और स्थानीय इनपुट के बाद में पुलिस की टीम चित्रकूट पहुंची, जहां से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है, लेकिन उसका साथी अभय अभी भी फरार है.
यह भी पढ़ें- एक्टर विजय की जनसभा में युवक की मौत, 7-8 हजार लोगों की भीड़ में अचानक गिरा युवक, पुलिस कर रही मामले की जांच
