तमिलनाडु के सेलम जिले में एक्टर विजय का पार्टी ‘TVK’ की जनसभा के दौरान एक युवक की मौत हो गई. पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक को माना जा रहा है.
एक्टर विजय की जनसभा में युवक की मौत
तमिलनाडु के सेलम जिले में एक राजनीतिक बैठक में एक युवक की मौत हो गई. राजनीतिक बैठक में मरने वाले युवक की पहचान 37 साल के सुरज के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था. मृतक युवक कुछ समय पहले ही सेलम जिले के सेव्वाइपेट्टई इलाके में रहने आया था. बताया जा रहा है युवक चांदी से जुड़े हुए काम को करता था.
जनसभा में मौजूद थे 7-8 हजार लोग
जानकारी के मुताबिक एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्त्री कजगम (TVK) ने जनसभा में लगभग 7 से 8 हजार लोगों को बुला लिया था. बताया जा रहा है कि वहां की लिमिट 5 हजार लोगों की थी. पार्टी के लोगों ने बीमार लोगों को भी सभा में घुसने दिया. सुरज दर्शक के रूप में जनसभा में गया था. यह जनसभा पार्टी के प्रशासकों के लिए आयोजित की गई थी. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी और वह तुरंत ही जमीन पर गिर गया.
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
जब सुरज जमीन पर गिरा, तो वहां मौजूद लोगों ने उसे संभाला और अस्पताल में ले गए. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृतक सुरज पहले से ही दिल का मरीज था. हाल ही में मृतक का एंजियोग्राम किया गया था. मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच को शुरू कर दिया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस जांच के दौरान यह पता लगा रही है कि मृतक की तबीयत कैसी थी और जनसभा वाली जगह पर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं कितनी मौजूद थीं. जानकारी के मुताबिक सुरज शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी था. इस घटना के बाद में सभा स्थल में हलचल मच गई. जिसके बाद में पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तुरंत ही कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- Shoaib Bobby Shot Dead: मुख्तार अंसारी के शूटर शोएब बॉबी की हत्या, हाईवे पर अपराधियों ने गोलियों से भूना
