Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बेहद खराब है. मानसूनी बारिश से फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने प्रदेश भर में 3 अगस्त से 8 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं.
देवभूमि के 7 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 3 अगस्त को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ इलाकों में तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है. इसके मद्देनजर इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है.
7 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
3 अगस्त की बात करें तो देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का अंदेशा मौसम विभाग ने जताया है. 4 अगस्त को देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया ह. 5 अगस्त को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश होने के आसार हैं. 6 और 7 अगस्त को उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है.
यात्रा से पहले जानें रास्ते का हाल
लगातार हो रही बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन (Landslide) और पहाड़ियों से चट्टानें खिसकने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग और प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ों की यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का अपडेट और रास्तों की स्थिति जरूर जांच लें।
अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील
पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश की वजह से लैंडस्लाइड और चट्टानें खिसकने का खतरा टला नहीं है. ऐसे में अगर आप यात्रा करने वाले हैं तो आपके लिए यात्रा करने से पहले मौसम और रास्ते का हाल जानना बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, लखनऊ, वाराणसी समेत 45 जिलों में मूसलाधार बारिश; पढ़ें IMD अपडेट
