बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने कैश वैन से 27 लाख रुपए की लूट के मामले में एक आरोपी का एनकाउंटर किया है. पटना में पिछले 24 घंटों में पुलिस 2 एनकाउंटर कर चुकी है.

पटना में 24 घंटों में 2 एनकाउंटर
बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने 24 घंटों के अंदर 2 एनकाउंटर किए हैं. वहीं अगर पूरे प्रदेश के हिसाब से देखा जाए, तो यह 24 घंटों के अंदर राज्य में तीसरा एनकाउंटर हुआ है. आपको बता दें कि मंगलवार को पुलिस को जानकारी मिली थी कि गोपालपुर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी मौजूद हुए हैं. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. इसी दौरान पुलिस ने आरोपी का एनकाउंटर किया है.
कैश वैन लूट का था मामला
इस मामले में जानकारी देते हुए पटना के SSP कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि कुछ दिनों पहले CMS के कैश वैन से 27 लाख रुपए की लूट जैसी बड़ी घटना हुई थी. इस मामले में कार्रवाई को लेकर सिटी SP ईस्ट के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था, टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी. उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई थी.
पुलिस टीम पर की फायरिंग
आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही थी. इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था. जिनकी पहचान सूरज पांडे, आदित्य और रवि कुमार के रूप में की गई है. पुलिस जब चौथे आरोपी नीतीश कुमार की गिरफ्तारी के लिए जा रही थी, इसी दौरान वह रास्ते में पुलिस को देखकर भागने लगा. भागने की कोशिश में आरोपी में पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी.
घायल को कराया अस्पताल में भर्ती
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी. जिसके बाद आरोपी नीचे गिर गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि लूट के पैसों से आरोपियों ने आईफोन खरीदे थे, जिन्हें बरामद कर लिया गया है. पुलिस मामले में दूसरे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है. इससे पहले पुलिस ने पटना में सोमवार को भी एक एनकाउंटर किया था.
यह भी पढे़ं- अहमदाबाद में ड्रग्स तस्करी पर बड़ा वार! एयरपोर्ट पर 50 करोड़ की हेरोइन जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
