राजधानी दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में गुरुवार रात को तेज बारिश हुई है. बारिश और आंधी को लेकर गुरुवार रात को लोगों के मोबाइल पर अलर्ट भी जारी किया गया था. मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को लेकर भी अलर्ट जारी किया है.

लोगों के मोबाइल पर आया अलर्ट
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों के लिए गुरुवार की शाम हर रोज की तरह नहीं रही. गुरुवार शाम के समय पर जब लोग अपने ऑफिस के घर लौट रह थे, उस दौरान सभी के फोन में अचानक से एक सायरन बजने लगा. जब लोगों ने अपना फोन देखा तो उसमें एक अलर्ट दिखाई दे रहा था. जिसके बाद यह सिलसिला लगभग पूरी रात ही चलता रहा.
हर कोई घर जाने की जल्दी में
लोगों के फोन पर अलर्ट आ रहा था कि अगले 3 घंटों में आपके जिले के कुछ इलाकों में तेज आंधी-तूफान (हवा की रफ्तार 70-90 किलोमीटर/घंटा से 100 किलोमीटर/घंटा तक) के साथ बिजली कड़कने, मध्यम से भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है. इस अलर्ट के बाद हर कोई घर जाने की जल्दी में नजर आने लगा. दिल्ली-NCR में बारिश को लेकर यह अलर्ट जारी किया गया था.
गुरुवार रात हुई बारिश
आपको बता दें कि यह अलर्ट राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA)और उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से जारी किया गया था. गुरुवार की रात में दिल्ली-NCR में गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई है और तेज हवाएं भी चली हैं. आपको बता दें कि हवा की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने और कमजोर ढांचों और पेड़ों से दूर रहने के लिए सलाह दी.
शुक्रवार को मौसम विभाग का अलर्ट
जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात फोन में आए अलर्ट को हाइएस्ट इंटेंसिटी श्रेणी में जारी किया जाता है. आपको बता दें कि इस दौरान मौसम विभाग ने लोगों से खुले में जाने से बचने के लिए भी सलाह दी थी. मौसम विभाग ने 12 जून यानी आज के लिए भी दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा को लेकर धूल वाली आंधी और तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
यह भी पढे़ं- केन्या का एयरपोर्ट फैसला: क्या चीन की रणनीति और भारतीय कंपनियों के खिलाफ अभियान का परिणाम है यह महंगी डील?
